अवैध मदरसे पर एक्शन से फैली हिंसा, दंगाइयों को देखते ही गोली मारने का आदेश

देर शाम उपद्रवियों के पैर में गोली मारने का आदेश जारी किया गया। एक को गोली लगने की सूचना है। प्रशासन ने शहर में कर्फ्यू लगा दिया है।

डिजिटल डेस्क: उत्तराखंड के हल्द्वानी में 8 फरवरी यानी गुरुवार शाम को अवैध मदरसे और नमाज स्थल हटाने को लेकर बवाल हो गया। नगर निगम और प्रशासन द्वारा भारी फोर्स के साथ हल्द्वानी के इंदिरा नगर क्षेत्र के अवैध मदरसे और नमाज स्थल को जेसीबी से ध्वस्त किया गया। इस दौरान वहां कुछ उपद्रवियों की पुलिस से झड़प हो गई। वहां मौजूद मुस्लिम महिलाओं और युवकों ने नगर निगम के इस कार्रवाई पर विरोध प्रदर्शन किया। इसी का फायदा उठाते हुए वहां मौजूद असामाजिक तत्वों ने छतों के ऊपर से पुलिस के ऊपर पथराव करते हुए उनके कई वाहन भी फूंक दिए हैं। जिसके बाद देर शाम उपद्रवियों के पैर में गोली मारने का आदेश जारी किया गया। एक को गोली लगने की सूचना है। प्रशासन ने शहर में कर्फ्यू लगा दिया है। वहीँ, इस पूरे घटनाक्रम को संज्ञान में लेते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शासन और पुलिस के आला अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की है।

दरअसल यह पूरा मामला हल्द्वानी के वनभूलपुरा थाना क्षेत्र का है। यहाँ मौजूद मलिक के बगीचे में नजूल भूमि पर बने अवैध मदरसे और अवैध नमाज स्थल पर कल प्रशासन का बुलडोजर चला। इस भूमि पर निर्माणाधीन अवैध नमाज स्थल भवन एवं कथित मदरसा भवन हटाने के सम्बन्ध में नगर निगम द्वारा पूर्व में नोटिस दिया गया था। जांच में पता चला है कि वनभूलपुरा मलिक का बगीचा नामक क्षेत्र में नजूल भूमि पर अवैध रूप से बिना इजाजत के नमाज स्थल और कथित मदरसा भवन का निर्माण कर अवैध तरीके से चलाया जा रहा है। बता दें इससे पहले भी प्रशासन ने सख्त निर्देश दिया था कि रविवार को अतिक्रमण खाली कर दिया जाएगा।

हिंसा में 6 लोगों की मौत और लगभग 300 लोग घायल

अवैध रूप से निर्मित मदरसे के तोड़ने की कार्रवाई को लेकर वहां मौजूद विशेष धर्म के लोगों के जरिए पुलिस वाहनों में आग लगाने और पथराव करने का मामला सामने आया। इस हिंसा में 6 लोगों की मौत होने की खबर है तो वहीँ, कम से कम 300 लोग घायल हुए। जिसके बाद इलाके में कर्फ्यू लगा कर उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने का निर्देश जारी किया गया है। घटना के बाद उत्तराखंड के सीएम धामी ने राज्य के मुख्य सचिव, डीजीपी, इंटेलिजेंस के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने लोगों से शांति बनाये रखने का अपील किया है। जबकि शहर में इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं, साथ ही इलाके में स्कूलों को बंद रखने का आदेश भी जारी किया है।

स्थिति अब नियंत्रण में: DM

बहरहाल, इस पूरे मामले पर मीडिया से बातचीत में डीएम ने बताया कि, “स्थिति अब नियंत्रण में है। बनभूलपुरा में हिंसा पर काबू पा लिया गया है और इसे मुख्य शहर तक फैलने नहीं दिया गया। इलाके में अर्धसैनिक बलों को भी तैनात किया गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पड़ोसी जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल भी शहर में तैनात किया गया है।” उन्होंने कहा कि, “उपद्रवियों को चिन्हित कर उनपर मुकदमा चलाया जाएगा। साथ ही हिंसा में जो भी नुकसान हुआ उसकी असली भी उपद्रवियों से ही होगी।”

Related Articles

Back to top button