
ISRO देश को नई ऊचाईयों पर ले जाने का काम कर रहा है. नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर इतिहास रच रहा है. इसी कड़ी में ISRO अब एक और सैटेलाइट लॉन्च करने की तैयारी में है. ISRO आज मौसम की सटीक जानकारी देना वाला सैटेलाइट लॉन्च करेगा. इसके लिए स्पेस एजेंसी ऐसे रॉकेट का इस्तेमाल करने वाली है, जिसे ‘नॉटी बॉय’ के तौर पर जाना जाता है. इस रॉकेट को ‘जियोसिंक्रोनस लॉन्च व्हीकल’ (GSLV) के तौर पर जाना जाता है.
जीएसएलवी रॉकेट के जरिए इसरो की मेट्रोलॉजिकल सैटेलाइट INSAT-3DS को लॉन्च करेगा. अंतरिक्ष में मौजूद रहने वाली ये सैटेलाइट बदलते मौसम के अलावा आने वाली आपदाओं की जानकारी भी समय पर देगी.
जीएसएलवी-एफ14 रॉकेट शनिवार शाम 5.35 बजे आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से लॉन्च किया जाएगा. लॉन्चिंग को इसरो के सोशल मीडिया हैंडल्स से सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दिखाया जाएगा.
जानकारी के मुताबिक, जीएसएलवी रॉकेट का ये 16वां मिशन है और स्वदेशी क्रायोजॉनिक इंजन का इस्तेमाल करते हुए 10वीं फ्लाइट है. जीएसएलवी रॉकेट को ‘नॉटी बॉय’ का नाम इसलिए मिला है, क्योंकि इसके फेल होने की दर 40 फीसदी है. इस रॉकेट से अंजाम दिए गए 15 लॉन्च में से 4 फेल हुए हैं.








