
नई दिल्ली के जहांगीरपुरी में हुई सांप्रदायिक हिंसा का पूरी तरह से राजनीतिकरण हो गया है. इसी कड़ी में खबर है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जहांगीरपुरी हिंसा से पीड़ित लोगों से मुलाकात करेगा. दरअसल, बीते 20 अप्रैल को भाजपा शासित दिल्ली नगर निगम द्वारा नई दिल्ली के हिंसा प्रभावित इलाके जहांगीरपुरी में बुलडोजर (Bulldozer) चलाया गया.
दिल्ली नगर निगम के बुलडोजर ने इस दौरान जहांगीरपुरी बस्ती में कई अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया. हालांकि इसके कुछ ही समय बाद शीर्ष अदालत ने यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दे दिया. इस कार्रवाई के बाद सियासी गलियारों में हलचल तेज हुई और विभिन्न राजनैतिक दलों की आलोचनात्मक प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं.
इसी क्रम में गुरूवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी से एक 5 सदस्यीय कमेटी का गठन किया. इस कमेटी में सांसद शफीकुर्रहमान बर्क, एस टी हसन, पूर्व सपा सांसद रवि प्रकाश वर्मा, विशम्भर प्रसाद निषाद और पूर्व सांसद जावेद अली खान शामिल हैं. सपा की यह पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमण्डल 22 अप्रैल को नई दिल्ली जाएगा और बुलडोजर की कार्रवाई से पीड़ित लोगों से मुलाकात करेगा.









