दरभंगा में शोरूम के अंदर खूनी खेल, यामाहा मैनेजर की कैंची और शौकर से गोदकर बेरहमी से हत्या, स्कूटी लेकर भागा आरोपी

Darbhanga : अशोक पेपर मिल थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी चौक स्थित एक यामाहा शोरूम में अपराधियों के बेखौफ हौसलों का एक बेहद ही खौफनाक मामला सामने आया है। यहां शोरूम के अंदर ही मैनेजर की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। मृतक की पहचान लहेरियासराय के पुरानी मुंसिफी क्षेत्र निवासी मोहम्मद फैज अहमद (पिता- मोहम्मद असद) के रूप में हुई है।

कुर्सी से उठने का भी नहीं मिला मौका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावर ने शोरूम के भीतर घुसकर मैनेजर मोहम्मद फैज पर धारदार कैंची और गाड़ी के शौकर से ताबड़तोड़ वार किए। हमला इतना अचानक और गंभीर था कि मैनेजर को अपनी कुर्सी से उठने तक का मौका नहीं मिला और अत्यधिक खून बह जाने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मृतक की स्कूटी और हेलमेट लेकर मौके से फरार हो गया।

वरिष्ठ अधिकारी मौके पर, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी, डीएसपी राजीव कुमार और अशोक पेपर मिल थाना अध्यक्ष संजीत कुमार भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए पूरे शोरूम को सुरक्षित कर लिया है। चूंकि घटना मुख्य सड़क के किनारे हुई, इसलिए मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस आसपास और शोरूम में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लूट, पुरानी रंजिश समेत सभी एंगल्स से जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Related Articles

Back to top button