अम्बेडकरनगर BJP की प्रांतीय टीम में दिवंगत नेता को मिली जगह, एक साल पहले हो चुका है निधन; सूची में नाम देख चौंके लोग

अम्बेडकरनगर: भारतीय जनता पार्टी की प्रांतीय टीम की नई सूची सामने आने के बाद अम्बेडकरनगर में एक चौंकाने वाला मामला चर्चा का विषय बन गया है। बीजेपी की श्रम प्रकोष्ठ की 11 सदस्यीय प्रांतीय टीम में एक ऐसे नेता का नाम शामिल किया गया है, जिनका करीब एक साल पहले ही निधन हो चुका है। पार्टी की ओर से जारी सूची में दिवंगत भाजपा नेता राम सूरत मौर्य को भी सदस्य बनाया गया है।

जानकारी के मुताबिक, राम सूरत मौर्य अम्बेडकरनगर जिले के टांडा के रहने वाले थे। वह भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए थे और करीब एक साल पहले उनका निधन हो गया था। इसके बावजूद पार्टी की ओर से जारी श्रम प्रकोष्ठ की नई प्रांतीय टीम में उनका नाम शामिल कर दिया गया।

11 सदस्यीय टीम में राम सूरत मौर्य का नाम

बीजेपी की ओर से कल देर शाम श्रम प्रकोष्ठ की प्रांतीय टीम की सूची जारी की गई थी। इस सूची में कुल 11 सदस्यों के नाम शामिल हैं। इनमें राम सूरत मौर्य का नाम भी दर्ज है। दिवंगत नेता को टीम में जगह दिए जाने की जानकारी सामने आने के बाद राजनीतिक और संगठनात्मक हलकों में इसकी चर्चा शुरू हो गई है।

सूची तैयार करने में हुई चूक या पुराना रिकॉर्ड बना वजह?

करीब एक साल पहले निधन हो चुके नेता का नाम नई टीम में शामिल होना संगठनात्मक प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर रहा है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि सूची तैयार करते समय यह चूक कैसे हुई और दिवंगत नेता का नाम टीम में किस आधार पर शामिल किया गया। फिलहाल, बीजेपी की प्रांतीय टीम की सूची में राम सूरत मौर्य का नाम शामिल होना चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि पार्टी की ओर से इस मामले में कोई स्पष्टीकरण दिया जाता है या नहीं।

Related Articles

Back to top button