दोस्त को पिलाई शराब, फिर कार से बांधकर 1 किमी तक घसीटा! हरदोई में रोंगटे खड़े करने वाली हैवानियत

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से दोस्ती और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद खौफनाक घटना सामने आई है। जिले के पिहानी थाना क्षेत्र में शराब पीने के दौरान हुए मामूली विवाद के बाद एक युवक ने अपने ही दोस्त के साथ ऐसी हैवानियत की, जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया।

जानकारी के मुताबिक, पहले तो युवकों ने साथ बैठकर शराब पी, लेकिन इसी बीच किसी बात को लेकर उनके बीच बहस और विवाद शुरू हो गया। गुस्से में अंधे हुए आरोपी ने अपने दोस्त को कार के पिछले हिस्से से बांध दिया और गाड़ी चला दी। आरोपी युवक पीड़ित को सड़क पर लगभग एक किलोमीटर तक कार से घसीटता हुआ ले गया।

जब पीड़ित लहूलुहान होकर अचेत हो गया, तो आरोपी उसे मरा हुआ समझकर मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

इस दिल दहला देने वाले मामले में पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button