असम के काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और मिनी बस की टक्कर में 23 लोगों की मौत

डेस्क: असम के काजीरंगा नेशनल पार्क के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हुए हैं। शुरुआती जानकारी में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई गई थी।

नेशनल हाईवे-715 पर हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना गोलाघाट जिले के कोहोरा क्षेत्र में हाथीकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन में नेशनल हाईवे-715 पर हुई। मिनी बस और कंटेनर ट्रक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार कई यात्री इसकी चपेट में आ गए। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

हादसे में घायल लोगों को कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया। दुर्घटना के बाद असम सरकार के मंत्री अतुल बोरा भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।

तेज रफ्तार को हादसे की वजह मान रही पुलिस

पुलिस के शुरुआती आकलन के मुताबिक, मिनी बस निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करते हुए तेज रफ्तार से जा रही थी। आशंका जताई गई कि चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button