
कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां कार और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार 8 लोगों में से 6 की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
कार और ट्रक की आमने-सामने हुई टक्कर
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा कुशीनगर के हाटा कोतवाली क्षेत्र के थरूआडीह में हुआ। यहां तेज टक्कर के चलते कार में सवार लोगों में से छह की जान चली गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर पर घटना को लेकर अफरा-तफरी मच गई।
तिलक कार्यक्रम से लौट रहे थे सभी लोग
बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग एक तिलक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कार की ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग कप्तानगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
दो घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी
इस दुर्घटना में कार सवार दो लोग घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे में छह लोगों की मौत की खबर से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। कुशीनगर में हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल हादसे से जुड़ी अन्य विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।









