बरेली कॉलेज में ‘विधायक का भतीजा’ बताकर कार से एंट्री लेने की जिद पर अड़ा विधि छात्र, शिक्षकों से भी भिड़ा

बिना नंबर की काली कार, शीशे पर विधायक का स्टीकर; प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने रोका तो दिखाया रौब, प्राचार्य ने अनुशासनहीनता पर कार्रवाई की दी चेतावनी; परीक्षा के दौरान एक छात्र पर्चियों से नकल करते भी पकड़ा गया

बरेली। बरेली कॉलेज में बुधवार को पहली पाली की विधि परीक्षा के बाद उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब बिना नंबर की काली कार पर सवार एक विधि छात्र ने जबरन परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की। कार के शीशे पर ‘विधायक’ का स्टीकर लगा हुआ था और छात्र पूर्वी गेट के बैरियर पर अपनी एंट्री को लेकर प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम से भिड़ गया। काफी देर जिद करने के बाद भी जब प्रवेश नहीं मिला तो उसने स्वयं को विधायक का रिश्तेदार बताकर धौंस जमानी शुरू कर दी।

शिक्षक हुए आक्रोशित, प्राचार्य ने लगाई फटकार

छात्र की इस गुस्ताखी पर शिक्षकों का पारा चढ़ गया और उन्होंने उसे कड़ी फटकार लगाई। सूचना पर चीफ प्रॉक्टर प्रो. आइएस चौहान, डॉ. नीरज सक्सेना, डॉ. योगेश शर्मा, डॉ. महमूद और डॉ. महेश सहित प्रॉक्टोरियल बोर्ड की पूरी टीम मौके पर पहुँच गई। टीम ने छात्र और उसके साथियों को वापस जाने को कहा, लेकिन वे लगातार बहस करते रहे। मामला बढ़ता देख प्राचार्य प्रो. ओमप्रकाश राय भी मौके पर पहुँच गए। उन्होंने अनुशासनहीनता और परीक्षा के समय में बाधा उत्पन्न करने पर छात्र को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी, जिसके बाद वह अपनी कार लेकर वापस लौट गया। यह प्रकरण पूरे दिन कॉलेज में चर्चा का विषय बना रहा।

परीक्षा के दौरान पर्चियों से नकल करता भी पकड़ा गया छात्र

इससे पहले पहली पाली में सुबह 8 से 11 बजे तक एलएलबी छठे सेमेस्टर की परीक्षा आयोजित की गई थी। निरीक्षण के दौरान कक्ष संख्या 39 में प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम ने एक छात्र की गतिविधि संदिग्ध पाकर उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से पर्चियाँ बरामद हुईं। टीम ने नकल सामग्री जब्त कर पूरे मामले की सूचना विश्वविद्यालय को भेज दी है। इसी दौरान कुछ छात्रों की अंग्रेजी के शिक्षक से भी बहस हो गई थी, जिसके बाद कॉलेज प्रशासन ने अनुशासनात्मक सख्ती और बढ़ा दी।

चीफ प्रॉक्टर प्रो. आइएस चौहान ने बताया, पहली पाली में विधि की परीक्षा के बाद कुछ छात्र अपनी कार से परिसर में जबरन प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे, जिन्हें अनुशासनहीनता करने से मना किया गया। इसमें एक छात्र ने स्वयं को विधायक का रिश्तेदार बताते हुए प्रवेश देने की जिद की और मना करने पर हंगामा करने लगा। कार्रवाई की चेतावनी देने पर वह मौके से चला गया।

Related Articles

Back to top button