
हापुड़ : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में शादी से इनकार करने पर एक सिरफिरे युवक की शर्मनाक करतूत सामने आई है। थाना सिंभावली क्षेत्र में घर में सो रही दो बहनों पर तेजाब फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तेजाब से दोनों बहनें बुरी तरह झुलस गईं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
आरोपी शादी की जिद पर अड़ा हुआ था
जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक हर्ष भाटी पर दोनों बहनों पर तेजाब फेंकने का गंभीर आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपी शादी की जिद पर अड़ा हुआ था। युवती के परिजनों ने युवक की नशे की लत के चलते उससे रिश्ता तोड़ दिया था। इसके बाद भी आरोपी शादी करने की जिद पर अड़ा था।
युवक ने घर में सो रही दोनों बहनों पर तेजाब डाल दिया
आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवक ने घर में सो रही दोनों बहनों पर तेजाब डाल दिया। अचानक हुई इस घटना से दोनों बहनें गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों को मामले की जानकारी हुई तो इलाके में भी सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी युवक हर्ष भाटी को हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
थाना सिंभावली क्षेत्र में हुई इस वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। शादी से इनकार के बाद इस तरह की खौफनाक वारदात को लेकर इलाके में चर्चा है।









