
राष्ट्रपति भवन की ओर से देश के प्रशासनिक और संवैधानिक ढांचे में बड़ा फेरबदल करते हुए 6 राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा की गई है। राष्ट्रपति द्वारा जारी आदेश के तहत उत्तराखंड, कर्नाटक, सिक्किम, तमिलनाडु, केरलम और ओडिशा जैसे प्रमुख राज्यों में नई संवैधानिक नियुक्तियां की गई हैं।
बता दें, जारी सूची के अनुसार डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जबकि डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक के राज्यपाल पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम की कमान दुष्यंत गौतम को दी गई है, वहीं दक्षिण भारत के महत्वपूर्ण राजनीतिक राज्यों में राजेंद्र आर्लेकर को तमिलनाडु का राज्यपाल नियुक्त किया गया है, और वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश माथुर को केरलम के राज्यपाल पद की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा पूर्वी राज्य ओडिशा में ब्रजमोहन राम को नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
इन सभी नियुक्तियों को राष्ट्रपति द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है और संबंधित राजभवनों में जल्द ही इनके शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए जाएंगे। राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में इस फेरबदल को केंद्र सरकार द्वारा राज्य स्तरीय संवैधानिक व्यवस्थाओं को सुचारू और प्रभावी बनाने के बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है। नए राज्यपालों की नियुक्ति से इन राज्यों में प्रशासनिक कामकाज को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।









