
कांकेर : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में हुए एक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह दुर्घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-30 पर हुई, जहां दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसा: एक ही परिवार के छह लोग मारे गए
हादसा इतना जबरदस्त था कि एक कार में सवार सभी लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मरने वाले सभी लोग कांकेर के उड़कुडा गांव के रहने वाले थे, जो हाल ही में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। हादसा नाथिया नवागांव के पास हुआ। दूसरी कार में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
एसपी ने घटनास्थल का दौरा किया
घटना की सूचना मिलते ही एसपी निखिल राखेचा ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि यह हादसा नेशनल हाईवे 30 पर दो कारों की टक्कर के कारण हुआ, जिसमें छह लोगों की जान चली गई। इसके अलावा, तीन लोग घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान और अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।









