
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव इलाके में एक लकड़ी के गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार छा गया। स्थानीय लोगों ने आसमान में उठते काले धुएं को देखकर घटना की जानकारी पुलिस और दमकल विभाग को दी।
बता दे कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। लकड़ी का सामान होने की वजह से आग तेजी से फैल गई, जिससे दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
वही फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग और संबंधित अधिकारी आग के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार घटना में किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है। आग की घटना के बाद आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सुरक्षा को देखते हुए आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया और आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए गए।
अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझाने के बाद ही नुकसान का आकलन किया जा सकेगा। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि गोदाम में आग किस वजह से लगी और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था।









