औरैया में ऑनर Killing का सनसनीखेज खुलासा, समाज में ‘बेइज्जती’ के डर से पिता ने भांजे के साथ मिलकर की थी बेटी की हत्या

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के बेला थाना क्षेत्र में सामने आए युवती की संदिग्ध मौत के मामले से पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। यह मामला कोई सामान्य हादसा या आत्महत्या नहीं, बल्कि ऑनर किलिंग (Honor Killing) का निकला। मृतिका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके सगे पिता और फुफेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि समाज में कथित तौर पर अपनी नाक कटने और बदनामी के डर से पिता ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था।

जानकारी के मुताबिक, कुछ दिनों पहले एक युवती का शव गड्ढे में दबा हुआ बरामद हुआ था, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया था। मृतिका के भाई द्वारा दी गई तहरीर पर बेला थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान जब पुलिस ने मृतिका के पिता चंद्रप्रकाश और उसके फुफेरे भाई दीपक से सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने सारा राज उगल दिया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि बेटी के बिना बताए घर से कहीं चले जाने से पिता बेहद नाराज था और इसी बात की खुन्नस तथा सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल होने के डर से उसने अपने भांजे (फुफेरे भाई) के साथ मिलकर इस हत्या की साजिश रची थी।

बेला थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों-पिता चंद्रप्रकाश और फुफेरे भाई दीपक को गिरफ्तार कर लिया है और उनकी निशानदेही पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

Related Articles

Back to top button