
रोहतक के सिटी थाना क्षेत्र में शादी के करीब आठ महीने बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। विवाहिता का शव घर की छत पर रखी पानी की टंकी से बरामद किया गया। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बता दे कि पुलिस को दी शिकायत में झज्जर जिले के माछरौली निवासी वीरेंद्र ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी चेतना की शादी दिसंबर 2025 में रोहतक की नेहरू कॉलोनी निवासी मनीष के साथ की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष कम दहेज को लेकर बेटी को परेशान करता था।
वीरेंद्र का आरोप है कि पति मनीष, ससुर राजेंद्र और सास शीला देवी कार की मांग को लेकर चेतना के साथ मारपीट और प्रताड़ना करते थे। उन्होंने कई बार बेटी को समझाकर ससुराल में रहने के लिए कहा और भविष्य में कार देने की बात भी कही, लेकिन इसके बाद भी परेशान करना जारी रहा।
झगड़े के बाद बेटी को घर लाना चाहते थे पिता
मृतका के पिता के अनुसार 14 अगस्त को भी चेतना के साथ विवाद हुआ था। इसके बाद उनके साढ़ू कुलदीप राठी रात में चेतना की ससुराल पहुंचे और परिवार को समझाने का प्रयास किया। 15 अगस्त को वीरेंद्र खुद बेटी की ससुराल पहुंचे और उसे अपने साथ ले जाने की इच्छा जताई, लेकिन आरोप है कि ससुराल वालों ने बेटी को भेजने से मना कर दिया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
फोन कर दी बेटी के लापता होने की सूचना
वीरेंद्र ने बताया कि 16 अगस्त को ससुराल पक्ष की ओर से फोन आया कि चेतना घर से कहीं चली गई है। सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे और बेटी की तलाश की।आरोप है कि पहले परिवार को गुमराह किया गया, लेकिन बाद में पुलिस की मौजूदगी में छत पर रखी पानी की टंकी से चेतना का शव बरामद हुआ।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति, ससुर और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।









