सीतापुर में घने कोहरे के बीच दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार युवक और दो बहनों की मौत

सीतापुर के तंबौर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह घने कोहरे के चलते भीषण सड़क हादसा हो गया। पहले तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मारी और फिर ईंटों से लदी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सड़क पर गिरे युवक और उसकी दो बहनों को कुचल दिया। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हरियाणा से लौट रहे थे तीनों

जानकारी के मुताबिक, देवपालपुर गांव निवासी शिशुपाल अपनी दो सगी बहनों पूजा देवी और गायत्री देवी के साथ हरियाणा में रहकर नौकरी करते थे। रविवार सुबह तीनों लहरपुर लौटे थे। उन्हें लेने के लिए गांव के दो लोग अलग-अलग बाइकों से पहुंचे थे। लहरपुर से शिशुपाल अपनी दोनों बहनों को एक ही बाइक पर बैठाकर गांव जा रहे थे।

पिकअप की टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचला

ग्रामीणों के अनुसार, रिहार स्थित पेट्रोल पंप के पास घने कोहरे के बीच तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से शिशुपाल और उनकी दोनों बहनें सड़क पर गिर गए। इसी दौरान ईंटों से लदी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने तीनों को कुचल दिया। हादसे के समय बाइक सवार किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

हादसे के बाद सड़क पर शव पड़े देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली और उसके चालक की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button