देवरिया में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, दो बाइक से आए 4 बदमाशों ने किए 8 वार

उत्तर प्रदेश के देवरिया में गुरुवार रात एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। भलुअनी थाना क्षेत्र में दो बाइक से आए चार बदमाशों ने 23 वर्षीय मनीष सिंह पर...

उत्तर प्रदेश के देवरिया में गुरुवार रात एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। भलुअनी थाना क्षेत्र में दो बाइक से आए चार बदमाशों ने 23 वर्षीय मनीष सिंह पर चाकुओं से कई वार किए। गंभीर हालत में परिजन उसे पहले भलुअनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घर के बाहर टहल रहा था युवक, अचानक हुआ हमला

मृतक मनीष सिंह, भलुअनी नगर पंचायत के वार्ड नंबर 13 निवासी प्रेम सिंह का बेटा था। गुरुवार रात करीब 9:30 बजे वह घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार लोगों ने उस पर हमला कर दिया।

परिजनों के मुताबिक, हमलावरों ने पहले मनीष के साथ मारपीट की और फिर गर्दन, सीने और पेट पर चाकू से वार किए। इसके बाद उसे घर से करीब एक किलोमीटर दूर खाद गोदाम के सामुदायिक शौचालय के पास घायल हालत में छोड़कर फरार हो गए।

गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले गए परिजन

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन मनीष को तत्काल भलुअनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

परिजन उसे आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मनीष घर पर रहकर अपने पिता के साथ खेती-किसानी का काम करता था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था।

परिजनों का दावा- पहले भी हो चुका था जानलेवा हमला

मृतक के बड़े भाई मोनू सिंह ने दावा किया कि मनीष की जान लेने की पहले भी कोशिश की जा चुकी थी। उनका आरोप है कि इस वारदात में शामिल एक बदमाश वांछित अपराधी है और पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही है।

परिजनों के अनुसार, उन्होंने 1 सितंबर को ही इस संबंध में भलुअनी थाने में सूचना दी थी। उनका कहना है कि मनीष को पहले से खतरा था और इसकी जानकारी पुलिस को दी गई थी। इसके बावजूद उसकी चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस आरोपियों की तलाश और पूरे मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस ने बताई हत्या की अलग वजह

क्षेत्राधिकारी रंजना सचान ने बताया कि मनीष पुत्र प्रेम सिंह अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर दोस्तों ने मनीष पर चाकुओं से वार कर दिया।

पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मृतक के भाई उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, तहरीर मिलने पर सुसंगत धाराओं में विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button