केंद्रीय बजट पर आम आदमी पार्टी पंजाब की कड़ी प्रतिक्रिया, पंजाब को फिर मिला निराशाजनक बजट

उन्होंने कहा कि बजट में गेहूं और धान के अलावा अन्य फसलों के लिए एमएसपी का कोई रोडमैप नहीं है और न ही बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए कोई राहत दी गई है।

केंद्रीय बजट पर आम आदमी पार्टी पंजाब की तरफ से जोरदार प्रतिक्रिया आई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बजट को पंजाब की उम्मीदों पर खरा न उतरने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि इस बजट में किसानों के लिए एमएसपी की कोई गारंटी नहीं दी गई है, युवाओं के लिए रोजगार की कोई योजना नहीं है, और उद्योगों या टैक्स प्रणाली में कोई राहत नहीं दी गई। सीएम मान ने कहा कि केंद्र ने पंजाब की आर्थिक स्थिति को मज़बूत करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं, जिससे राज्य के लोग एक बार फिर असंतुष्ट हैं।

वहीं, पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भी केंद्रीय बजट की आलोचना करते हुए कहा कि केंद्र ने पंजाब और हरियाणा के किसानों की चिंताओं को नज़रअंदाज़ किया है। चीमा ने कहा कि कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर फंड में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई और न ही मार्केट इंफ्रास्ट्रक्चर को मज़बूत करने के लिए कोई ठोस कदम उठाए गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पंजाब के किसानों के हक में कोई ठोस नीति नहीं बनाई।

पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुडियां ने भी बजट पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बजट में गेहूं और धान के अलावा अन्य फसलों के लिए एमएसपी का कोई रोडमैप नहीं है और न ही बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए कोई राहत दी गई है।

आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने बजट को पंजाब के साथ भेदभाव दिखाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि बजट में न तो एमएसपी की गारंटी है, न रोजगार की कोई योजना है, और न ही पंजाब के लिए कोई बड़े प्रोजेक्ट मंज़ूर किए गए हैं।

पंजाब के अन्य नेताओं ने भी इस बजट की कड़ी आलोचना की और आरोप लगाया कि यह बजट केवल बड़े कॉर्पोरेट घरानों के पक्ष में है, जबकि पंजाब के किसानों, युवाओं और आम नागरिकों की जरूरतों को नज़रअंदाज़ किया गया है।

Related Articles

Back to top button