
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बैंक धोखाधड़ी मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शातिर जालसाज ने बैंक ऑफ इंडिया से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 15 लाख रुपये का व्यक्तिगत ऋण हड़प लिया था। बैंक प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
बता दें, पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने खुद को रेलवे विभाग का कर्मचारी बताकर बैंक में फर्जी रेलवे पहचान पत्र, जाली वेतन पर्ची और फॉर्म-16 जैसे कूटरचित दस्तावेज प्रस्तुत किए थे। बैंक अधिकारियों को झांसा देकर उसने 15 लाख रुपये का लोन स्वीकृत करा लिया और लोन की पूरी रकम अलग-अलग किस्तों में निकाल ली। हालांकि, जब बैंक स्तर पर दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया, तो आरोपी के रेलवे विभाग में नौकरी करने की कोई पुष्टि नहीं हुई, जिसके बाद बैंक में हड़कंप मच गया और थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मलिहाबाद पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी। पुलिस टीम ने सुरागकशी करते हुए माल थाना क्षेत्र के पकरा गांव निवासी लगभग 55 वर्षीय आरोपी रामपाल को गिरफ्तार कर लिया है, जो पेशे से कृषि कार्य करता है। पुलिस के अनुसार, इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य नामजद आरोपियों की तलाश भी तेजी से की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









