
आगरा: आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) परिसर में मंगलवार को भाजयुमो कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया। आरोप है कि जब कार्यकर्ता अवैध निर्माणों की शिकायत लेकर पहुंचे तो उन्हें परिसर में घुसने नहीं दिया गया।
बताया जा रहा है कि ADA की वाइस चेयरपर्सन एम अरुणमोली खुद सुरक्षा गार्डों के साथ गेट पर पहुंचीं और किसी भी BJP कार्यकर्ता को अंदर नहीं जाने दिया। गार्डों के हाथों में डंडे थे, और BJP झंडा लगी गाड़ियों को भी रोक दिया गया। विरोध में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया।
कल भी हुआ था प्रदर्शन
इससे पहले सोमवार को भी भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने ADA परिसर में प्रदर्शन किया था, जिसके बाद यह विवाद और बढ़ गया। बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे अवैध निर्माणों की शिकायत लेकर पहुंचे थे, लेकिन ADA अधिकारियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
यह मामला आगरा के लोहामंडी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। इस विवाद को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और प्रशासन के रुख पर सवाल खड़े हो रहे हैं।