Agra : चंबल नदी में बड़ा खतरा टला, अचानक बंद हुआ स्टीमर इंजन, यात्रियों में मची चीख-पुकार

आगरा में चंबल नदी में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब यात्रियों से भरा एक स्टीमर अचानक नदी की तेज धारा में बहने लगा। बताया जा रहा है कि स्टीमर का डीजल खत्म होने के कारण यह स्थिति बनी।

स्टीमर मध्य प्रदेश के भिंड स्थित नगरा घाट से उत्तर प्रदेश के बाह क्षेत्र के कैंजरा घाट की ओर आ रहा था। इसमें करीब 10-12 मोटरसाइकिलों के साथ लगभग 50 यात्री सवार थे। डीजल खत्म होने के बाद स्टीमर पर नियंत्रण नहीं रह गया और तेज बहाव के कारण वह करीब 8 किलोमीटर तक नदी में बहता चला गया। इस दौरान यात्रियों में डर का माहौल बन गया और कई लोग घबरा गए।

टीले से टकराकर रुका स्टीमर

जानकारी के मुताबिक, गुढ़ा गांव के पास मध्य प्रदेश की सीमा में एक टीले से टकराने के बाद स्टीमर रुक गया। इसके बाद यात्रियों को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। घटना की सूचना मिलने पर बासौनी पुलिस भी सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल ने बताया कि स्टीमर मध्य प्रदेश की ओर से आ रहा था और घटना मध्य प्रदेश क्षेत्र में हुई है।

स्टीमर संचालन पर उठे सवाल

चंबल नदी में इन दिनों पानी का बहाव तेज है। ऐसे में स्टीमर का बीच नदी में डीजल खत्म होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। करीब 8 किलोमीटर तक स्टीमर के बहने की घटना के बाद प्रशासन स्टीमर संचालन में बरती जा रही सावधानियों की समीक्षा कर रहा है।

Related Articles

Back to top button