
आगरा: ताजनगरी आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र स्थित TDI मॉल के पीछे रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक पत्नी ने अपने पति को उसकी प्रेमिका के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। होटल से बाहर निकलते ही पति और उसकी प्रेमिका को देख पत्नी का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। देखते ही देखते सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया।
गुस्साई पत्नी ने अपनी सहेलियों के साथ प्रेमिका को बीच सड़क पर घेर लिया। इस दौरान तीनों के बीच गाली-गलौज और जमकर हाथापाई हुई। पत्नी ने प्रेमिका की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वहां राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। हंगामा इतना बढ़ गया कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। भीड़ और बढ़ते हंगामे का फायदा उठाकर प्रेमिका आनन-फानन में अपने दोपहिया वाहन पर सवार होकर मौके से फरार हो गई।
इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह सड़क पर कानून हाथ में लेकर मारपीट की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।









