
वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सावन के पहले सोमवार को अपने वाराणसी स्थित आवास से कार्यकर्ताओं के साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए रवाना हुए। दर्शन-पूजन से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखे जुबानी हमला बोला। अजय राय ने विधानसभा में हुए सपा के हंगामे का खुलकर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा में हंगामा होना जायज है क्योंकि मंदिर में चढ़ावा चोरी का खेल चल रहा है। बीजेपी के लोग चढ़ावा चोर हैं और उन्होंने भगवान का पैसा तक खा लिया है।

संतो की नाराजगी को बताया राजनैतिक स्टंट, मुद्दों से भटकाने के लिए बीजेपी की बताई साजिश…
सांसद पप्पू यादव के हालिया विवाद और उस पर संतों की नाराजगी को लेकर पूछे गए सवाल पर अजय राय ने कहा कि बीजेपी मूल मुद्दे से ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही है। श्री राम मंदिर में हुए चढ़ावा चोरी के गंभीर मामले से जनता का ध्यान डाइवर्ट (भटकाने) करने के लिए बीजेपी जानबूझकर इस तरह के पैंतरे और काम करवा रही है।

जो हाल राम मंदिर का किया, वही काशी विश्वनाथ मंदिर में कर रहे हैं : अजय राय
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की नीयत में खोट है। जो स्थिति अयोध्या में बीजेपी ने श्री राम मंदिर की बनाई, वही हाल अब बाबा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का भी किया जा रहा है। बीजेपी ने मंदिर में ऊपर से लेकर नीचे तक चोरों को बैठा दिया है। बाबा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में आए दिन दलाल और चोर पकड़े जा रहे हैं, लेकिन पुलिस उन पर ठोस कार्रवाई करने के बजाय केवल वीडियो बनाने में मस्त है। गौरतलब है कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में सावन के महीने में श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाने के लिए ठग और दलाल भी एक्टिव हो गए है। पुलिस ने रविवार को 8 दलालो को गिरफ्तार किया, तो वही सोमवार को दर्शन करवाने के नाम पर महिला श्रद्धालु से 4 हजार रुपए लेने वाले ठग को पकड़ा है।









