
रांची में इंडिया गठबंधन के नेता शक्ति प्रदर्शन करते हुए केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध करते नजर आए हैं। रविवार यानी 21 अप्रैल को रांची के प्रभात तारा मैदान में ‘उलगुलान (विद्रोह) न्याय रैली’ का आयोजन हुआ। जिसमें INDIA गठबंधन से जुड़े कई दिग्गज नेताओं ने भाग लिया। चुनावी उथल पुथल के बीच इस रैली के आयोजन होने के पीछे ED के तरफ से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और JMM नेता हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी का विरोध है। इस रैली में सभी ने BJP पर जमकर हमला बोला है। सूत्रों के अनुसार अस्वस्थता के चलते कांग्रेस नेता राहुल गांधी बैठक में शामिल नहीं हो पाए हैं।
इस दौरान रैल्ली में मौजूद जनता और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी चीफ अखिलेश यादव ने भी BJP सरकार को आड़े हाथ लिया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि, “जिन लोगों ने 10 साल में देश को पीछे करने का काम किया है, उत्तर प्रदेश वाले उनकी विदाई भी धूमधाम से करेंगे। बीजेपी 400 पार का भले ही नारा दे रही है मगर ये नारा झूठा है। उनसे पूछा जाए की वो अन्याय क्यों कर रहे हैं। खैर अब बदलाव का समय नजदीक आ गया है। इस सरकार ने युवाओं के लिए नौकरी के अवसर खत्म कर दिए हैं। आज पढ़ने लिखने वाले नौजवानों के पास कोई नौकरी नहीं है। पिछली बार जो जुमला लेकर आये थे, वे इस बार गारंटी लेकर आये हैं।
उन्होंने आगे कहा कि, “जब से इन्होंने झारखंड मुख्यमंत्री और दिल्ली के मुख्यमंत्री को जेल भेजा है तब से ही वो चुनाव हार चुके हैं। जब कोई पहलवान मैदान में हारने लगता है तब वो जीतने के लिए कई तरह के हथकंडे अपनाता है। मगर BJP ये ना भूले कि उसने सिर्फ शेर को गिरफ्तार किया है, उनकी दहाड़ को नहीं।”