‘व्यापारी महाकुम्भ‘ में बीजेपी पर जमकर बरसे अखिलेश, कहा- भाजपा ने खाली कर दी…!

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार को लखनऊ स्थित इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में समाजवादी व्यापार सभा उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित ‘व्यापारी महाकुम्भ‘ को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जमकर भाजपा और योगी सरकार पर निशाना अखिलेश ने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों के चलते देश में महंगाई बढ़ी है। किसान-नौजवान परेशान है, व्यापार धंधा चौपट हो गया है, देश में सब कुछ बेचा जा रहा है। इतना दुःख और तकलीफ लोगों को किसी सरकार में नहीं मिली। अब पूरे प्रदेश में बदलाव का माहौल दिख रहा है। व्यापारी का कारोबार में व्यापक जनसम्पर्क होता है, उसने मन बना लिया और ठान लिया तो भाजपा सरकार का अता-पता नहीं चलेगा।

व्यापारी महाकुम्भ के अवसर पर समाजवादी पार्टी द्वारा स्थापित समाजवादी विचारधारा एवं पार्टी के संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए 2022 के विधानसभा चुनावों में अखिलेश यादव को पुनः उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प भी व्यापारी समाज ने लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संजय गर्ग तथा संचालन अभिमन्यु गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, रविदास मेहरोत्रा तथा पवन मनोचा शामिल रहे। इस सम्मलेन के दौरान अखिलेश यादव को व्यापारी समाज ने महाराजा अग्रसेन की व्यवस्था के अंतर्गत एक ईंट और एक सिक्का भी भेंट किया।

अखिलेश यादव ने व्यापारियों के शानदार आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा, ”भाजपा की कुनीतियों की चलते व्यापारियों की जेब खाली हो गई है। भाजपा राज में किसान आंदोलित है, कमाई आधी हो गई है, महंगाई दूनी हो गई है, ऐसे में परिवार कैसे खुशहाल रह सकता है।” भाजपा ने नोटबंदी की, कालाधन नहीं आया किन्तु भ्रष्टाचार डबल हो गया है। लॉकडाउन के दौरान कारखाने बंद हो गए हैं। यादव ने आगे बोलते हुए कहा भाजपा व्यापारियों की पार्टी नहीं है, वह होती तो व्यापार खत्म नहीं करते। लॉकडाउन में तमाम उद्योग धंधे बंद हो गए। दुनिया भर में व्यापारियों की मदद हुई, इस देश में भाजपा सरकार ने व्यापारियों की कोई मदद नहीं की। व्यापार चौपट होने से व्यापारियों ने आत्महत्याएं कर ली। जिनका कारोबार बंद हो गया वह दुबारा नहीं शुरू हो पाया।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने ऐसे फैसले लिए हैं जिनसे देश का कारोबार खत्म हो गया है। बड़े-बड़े व्यापारियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। आज दुनिया की सबसे बड़ी कम्पनी अमेजान पर कंडे बिक रहे है, डीजल- पेट्रोल के दाम बढ़े हैं, कपड़े, जूते पर जीएसटी लग गया है। ट्रांसपोर्ट का कारोबार पूरी तरह से ठप्प हो गया है।

यादव ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि बीजेपी के लोग देश को विश्वगुरू बनाने की बात करते हैं, लेकिन आज गुरु-शिष्य पिट रहे है। यूपी में व्यापारियों की हत्या हो रही है। प्रधानमंत्री के क्षेत्र में पुलिस के सामने सुनार की दुकान लूट ली गई। प्रतापगढ़ में व्यापारी की हत्या कर दी गई। सपा सरकार में पुलिस को हाईटेक बनाया गया था। यूपी डायल 100 का भाजपा सरकार ने कबाड़ा कर दिया।

समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष संजय गर्ग ने कहा, ”व्यापारी बड़ी उम्मीदों के साथ अखिलेश यादव की ओर देख रहे हैं। भाजपा की कुनीतियों से परेशान 11716 व्यापारियों और 6600 किसानों ने वर्ष 2020 में आत्महत्या कर ली। अयोध्या में व्यापारियों की दुकानें गिरा दी गई। भाजपा एक संवेदनहीन पार्टी है। व्यापारी राजनीति के क्षितिज पर अखिलेश के रूप में एक नया सूर्योदय देख रहे हैं।

Related Articles

Back to top button