बढ़ती महंगाई और किसानों की समस्याओं को लेकर योगी सरकार पर जमकर बरसे अखिलेश, उठा दिए कई गंभीर सवाल

उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार से सवाल किया कि किसानों की आय अब तक दोगुनी क्यों नहीं हुई? उन्होंने कहा कि सत्ता के जोर से आखिर कब तक भाजपा सरकार अपने गुनाहों पर पर्दा डालती रहेगी?

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने महंगाई से लेकर कानून व्यवस्था तक जमकर योगी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में बुलडोजर जनता को रौंदने में लग गया है। दिन पर दिन महंगाई की मार बढ़ रही है, किसान आत्महत्या कर रहे है और सरकार इस सबसे बेफिक्र संवेदनहीन होकर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रही है।

उन्होंने अपने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा राज में ऐसे ‘अच्छे दिन‘ आ रहे हैं कि लोग पुराने दिनों की वापसी के लिए तड़पने लगे हैं। वहीं ईंधन के बढ़ते दामों को लेकर भाजपा पर हमलावर होते हुए उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की रोज बढ़ रही कीमतों से लोग परेशान हो रहे थे कि आज से टोल-टैक्स भी महंगा हो गया। उन्होंने जानकारी देते हुए आगे कहा कि राजमार्गों पर सफर में 10 से 15 फीसदी तक वृद्धि होने जा रही है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर मुफ्त सफर खत्म हो गया है।

सपा प्रमुख और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अखिलेश ने कहा कि सीएनजी-पीएनजी गैस के दाम आठ साल में सबसे ज्यादा दोगुने से अधिक बढ़ा दिए गए हैं। उन्होंने कहा, “रसोई गैस के दामों में हो रही बेतहाशा वृद्धि से घरेलू अर्थव्यवस्था बिगड़ रही है। अब कामर्शियल एलपीजी गैस सिलेण्डर एक झटके में 250 रूपये महंगा हो गया है और बाजार में इसकी कीमत 2253 रूपए हो गई है।”

अखिलेश यहीं नहीं रुके उन्होंने भाजपा पर लोगों से झूठे वादे करने का आरोप भी लगा किया। एटा में एक किसान की आत्महत्या का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, “किसानो की आत्महत्या जारी है और सरकार किसानों के कल्याण के झूठे दावे कर रही है। एटा में कर्ज के बोझ तले दबकर एक और किसान की खुदकुशी भाजपा सरकार की झूठ की पोल खोलती है।”

उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार से सवाल किया कि किसानों की आय अब तक दोगुनी क्यों नहीं हुई? उन्होंने कहा कि सत्ता के जोर से आखिर कब तक भाजपा सरकार अपने गुनाहों पर पर्दा डालती रहेगी? उन्होंने कहा, “भाजपा ने अपनी नीति और नीयत से जाहिर कर दिया है कि उसे जनसरोकारों से नहीं, सिर्फ अपनी तिजोरी भरने से मतलब है।”

Related Articles

Back to top button
Live TV