
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भगवान श्रीकृष्ण और गोपालकों के अपमान का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में होने वाली हार की हताशा में मुख्यमंत्री इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लंबा बयान जारी कर मुख्यमंत्री पर कई गंभीर आरोप लगाए।
गोपालकों पर टिप्पणी को लेकर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने अपने बयान में कहा कि गोपालकों को अपशब्द कहकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने प्रकारांतर से गोपाल यानी भगवान श्रीकृष्ण का अपमान किया है, जो अक्षम्य है। उन्होंने अयोध्या में भगवान राम के मंदिर के चढ़ावे, चंदे और दान की चोरी के मामले का भी जिक्र किया। अखिलेश ने आरोप लगाया कि एक बड़े गिरोह के साथ संलिप्तता के बावजूद राज खुलने के डर से क्लीन चिट दे दी गई और अब भगवान श्रीकृष्ण पर वार किया जा रहा है।
वाराणसी और देवी अहिल्याबाई के मुद्दे पर भी घेरा
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सत्ता स्थापित करने के मंसूबे के चलते सनातन धर्म के प्रति दुर्भावना दिखाई जा रही है। उन्होंने वाराणसी में पाल समाज पर लाठीचार्ज और देवी अहिल्याबाई होल्कर की शिवलिंग ली हुई प्रतिमा के कथित तिरस्कार का मुद्दा उठाया।
अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री न भगवान शिव के सगे हैं, न भगवान राम के, न भगवान कृष्ण के और न ही देवी अहिल्याबाई जी के। उन्होंने प्रदेश में एक अन्य व्यक्ति को बुलाए जाने पर भी निशाना साधते हुए वेशभूषा, भाषा और भगवान राम-कृष्ण के अपमान को लेकर समानताएं बताईं।
भाषा और सार्वजनिक मर्यादा पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि व्यक्ति कमजोर पड़ता है तो अनैतिक सहारा तलाशने लगता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सनातनी वस्त्र पहनकर निम्नस्तरीय भाषा का प्रयोग न करने की अपील की। साथ ही कहा कि मुख्यमंत्री को अपने संवैधानिक पद की प्रतिष्ठा और सार्वजनिक मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का व्यवहार एक युवा मृतक की मां, प्राचार्य, पत्रकार और ईमानदार अधिकारियों के प्रति भी अपमानजनक रहा है। अखिलेश ने कहा कि शालीन विचार से ही शालीन भाषा जन्म लेती है और मुख्यमंत्री के संदर्भ में शालीनता का घोर अभाव है।
2027 में बीजेपी की हार का किया दावा
सपा अध्यक्ष ने कहा कि हार की हताशा और आशंका जितनी बढ़ेगी, भाषा उतनी ही नीचे गिरती जाएगी। उन्होंने 2024 और 2026 की हार का जिक्र करते हुए दावा किया कि बीजेपी 2027 में हमेशा के लिए हार जाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री जीत रहे होते तो अपनी उपलब्धियों की बात करते। उन्होंने दावा किया कि 2027 का चुनाव अब 5 प्रतिशत अहंकारियों, वर्चस्ववादियों और प्रभुत्ववादियों बनाम 95 प्रतिशत पीडीए के बीच हो गया है। अखिलेश के मुताबिक, पीडीए में अब हर समाज के पीड़ित, दुखी और अपमानित लोग शामिल हो गए हैं, जिससे इसका जनाधार 85 प्रतिशत से बढ़कर 95 प्रतिशत हो गया है।









