हिटलर की तरह काम कर रही बीजेपी… बहराइच दंगे पर एक बार फिर बीजेपी पर बरसे अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार में बनाये गये पहले डीजीपी भाजपा सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बहराइच दंगे को लेकर बीजेपी को जमकर घेर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर दंगा कराने का आरोप लगा रहे हैं। इस बीच एक बार फिर उन्होंने कहा कि बहराइच में दंगा बीजेपी ने कराया है। उन्होंने कहा कि दंगा कराने में बीजेपी के नेता शामिल हैं। बीजेपी के अपने विधायक ने कार्यकर्ताओं और नेताओं पर दंगा कराने और साजिश कराने का मुकदमा दर्ज कराया है।

घबराई हुई बीजेपी करा रही दंगा

अखिलेश यादव ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि बहराइच दंगे का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें स्पष्ट हो रहा है कि दंगा साजिश और षड्यंत्र का नतीजा है। पुलिस ने दंगाइयों को खुली छूट दी थी। पुलिस को हटा देना या खुद छूट दे देना बड़ी साजिश का हिस्सा है। अखिलेश यादव ने कहा कि हिटलर भी इसी तरह से काम करता था। अपने पार्टी के कार्यकर्ताओं को सैनिक बनाकर आगे कर देता था। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास महंगाई, बेरोजगारी का जवाब नहीं है। वह घबराई हुई है इसीलिए दंगा करा रही है। बीजेपी आरक्षण छीन रही है। संविधान के अनुसार आरक्षण की जो व्यवस्था है उसे लागू नहीं होने दे रही है। निवेश के नाम पर जो झूठ फैलाया था उसका पर्दाफाश हो गया है। कहीं उद्योग कहीं कारखाना नहीं लगा।

कानून व्यवस्था जीरो हो गई

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने अगर कोई काम किया होता और निवेश लाया होता तो दिखाई देता। लेकिन कहीं भी कोई उद्योगधंधा और कारखाना लगता दिखाई नहीं दे रहा है। बिजली महंगी है। किसान को खाद नहीं मिल रहा है। फसलों की खरीद की कोई व्यवस्था नहीं है। सड़कों पर जानवर घूम रहे हैं। पिछड़े, दलित, अलपसंख्यक और गरीब लोगों के साथ अन्याय और अत्याचार हो रहा है। महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं है। कानून व्यवस्था जीरो हो गई। हालात यह है कि महिला पुलिस तक सुरक्षित नहीं है। कानपुर में महिला कांस्टेबल के साथ भी घटना हो गई है।

फेक एनकाउंटर में नम्बर एक यूपी

अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार में बनाये गये पहले डीजीपी भाजपा सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। वह भी कह रहे हैं कि उत्तर प्रदेश की पुलिस बहुत दबाव में निष्पक्ष कार्यवाही नहीं कर पा रही है। निष्पक्ष कार्यवाही करने पर संस्पेंड कर दिया जाता है। ऐसा लगता है कि भाजपाईयों ने पुलिस के भी हथकड़ी लगा दी है। भाजपा की नीयत साफ नहीं है। इसीलिए किसी भी घटना पर निष्पक्ष कार्यवाही नहीं हो पा रही है। देश में सबसे ज्यादा पुलिस हिरासत में मौतें उत्तर प्रदेश में हो रही हैं। सबसे ज्यादा फर्जी एनकाउंटर उत्तर प्रदेश में हो रहे हैं। भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को कस्टोडियल डेथ और फेक एनकाउंटर में नम्बर एक बना दिया है।

Related Articles

Back to top button