आजम खान को झूठे मुकदमों में फंसा रही सरकार…हार के डर से घबरा गई है भाजपा, बोले अखिलेश यादव

सीतापुर में पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार झूठे मुकदमों के मामले में विश्व रिकॉर्ड से आगे जा चुकी है।

UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को सीतापुर जेल पहुंचकर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खान से मुलाकात की। उनका और परिवार का हाल चाल जाना। मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने मोहम्मद आजम खान पर झूठे मुकदमे लगाए। भाजपा सरकार आजम खान और उनके परिवार को परेशान कर रही है। यह अमानवीय कृत्य है। मोहम्मद आजम खां साहब के परिवार और अरविन्द केजरीवाल को भाजपा इसलिए परेशान कर रही क्योंकि उसे लगता है कि ये लोग ताकत बनकर उभरेंगे। भाजपा इन्हें दबाने के लिए झूठे मुकदमों में फंसा रही है। उम्मीद है कि आजम खां साहब को न्याय मिलेगा।

भाजपा संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही-अखिलेश

सीतापुर में पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार झूठे मुकदमों के मामले में विश्व रिकॉर्ड से आगे जा चुकी है। भाजपा अब झूठे मुकदमों का ब्रह्मांड रिकॉर्ड बना रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। लोकतंत्र को कमजोर कर रही है। विपक्ष की आवाज को दबा रही है। उन्होंने कहा कि इलेक्टोरल बांड के मामले में भाजपा ने भारी घपला किया है। इलेक्टोरल बांड के खुलासे से भाजपा का बैंड बज गया है, उसी के कारण दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी हुई है। भाजपा सरकार के पास इलेक्टोरल बांड में घपलेबाजी और वसूली का कोई जवाब नहीं है। भाजपा सरकार पीडीए की एकता और इंडिया गठबंधन से घबराई हुई है। जनता मतदान की तारीखों का इंतजार कर रही है। लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी। पीडीए भाजपा के एनडीए को हराएगा। इंडिया गठबंधन जीतेगा।  

महंगाई, बेरोजगारी चरम पर-अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों से महंगाई, बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई है। किसान, नौजवान, गरीब, मध्यम वर्ग, महिलाएं सभी परेशान हैं। भाजपा ने युवाओं को धोखा दिया है। युवाओं से झूठे वादे किए। नौकरियां नहीं दी। उत्तर प्रदेश में नौकरियों की परीक्षा के पेपर लीक हो जाते है। भाजपा जानबूझकर पेपर लीक कराती है। जिससे युवाओं को नौकरी न देना पड़े। भाजपा की नीयत साफ नहीं है। प्रतियोगी छात्र भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली से निराश और आक्रोशित है। लोकसभा चुनाव में यही नौजवान भाजपा को सत्ता से हटा देगा। उन्होंने कहा, भाजपा सरकार चाहे जितना अन्याय कर ले, झूठे मुकदमे लगा दे लेकिन एक दिन सच्चाई की ही जीत होगी। विपक्षी नेताओं और मुख्यमंत्रियों को जेल भेजने और न्यूज़ कन्ट्रोल करने से भाजपा चुनाव नहीं जीत सकती है। देश की जनता भाजपा के अन्याय और झूठ के खिलाफ खड़ी होगी। जनता केन्द्र की सत्ता को हटाकर लोकतंत्र और संविधान बचाने का काम करेगी।

बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा

सपा प्रमुख ने कहा, जनता देख रही है भाजपा ने चंदा के नाम पर जिस तरह से इलेक्टोरल बॉन्ड की वसूली की है। देश के इतिहास में इस तरह की वसूली कभी नहीं हुई है। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था खराब है। कोई सुरक्षित नहीं है। देश में सबसे ज्यादा कस्टोडियल डेथ यूपी में हो रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस से जीरो हो चुका है। अपराधी खुले आम हत्याएं कर रहे हैं। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। आर्थिक तंगी गरीबी और महंगाई से किसान त्रस्त है। चुनाव में किसान, नौजवान, व्यापारी सभी भाजपा सरकार के खिलाफ है। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, गरीबों के साथ अन्याय, इलेक्टोरल बॉन्ड में बड़े पैमाने पर हुए घपलेबाजी का मुद्दा चुनाव में हावी है। भाजपा में घबराहट है। चुनाव को लेकर भाजपा डरी हुई है। मुद्दों को बदलने के लिए भाजपा नेताओं को झूठे मामलों में गिरफ्तार करा रही है। जनता सब समझ रही है। जनता भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेकेगी। भाजपा घबराहट में नेताओं के खिलाफ ईडी, सीबीआई, आईटी का प्रयोग कर रही है। इंडिया गठबंधन के साथी मजबूती से लड़ेंगे। जनता को न्याय दिलाएंगे।

Related Articles

Back to top button