12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचेंगे अखिलेश यादव, रामलला के दर्शन के साथ सियासी ताकत दिखाने की तैयारी

डेस्क: उत्तर प्रदेश की सियासत में अयोध्या एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर समाजवादी पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी इस कार्यक्रम के जरिए अयोध्या में अपनी राजनीतिक मौजूदगी और संगठनात्मक ताकत का प्रदर्शन करने की तैयारी में है।

जानकारी के मुताबिक, अखिलेश यादव अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचने के बाद अपने चुनावी रथ से हनुमानगढ़ी जाएंगे। यहां दर्शन करने के बाद वह राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे। इस दौरान उनके संतों और धर्मगुरुओं से मुलाकात करने की भी संभावना है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के भी कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है।

अखिलेश यादव का यह दौरा 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले काफी अहम माना जा रहा है। राम मंदिर निर्माण के बाद यह पहला मौका होगा, जब वह रामलला के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचेंगे। इससे पहले उनके अयोध्या दौरे और मंदिर दर्शन को लेकर लगातार राजनीतिक चर्चाएं होती रही हैं।

वहीं, अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर बीजेपी ने भी सवाल उठाए हैं। यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उन्हें 12 दिसंबर के बजाय 6 दिसंबर को मंदिर जाने और कारसेवकों की मौत के मामले में माफी मांगने की चुनौती दी है। ऐसे में अखिलेश यादव का अयोध्या दौरा धार्मिक कार्यक्रम के साथ-साथ प्रदेश की राजनीति में भी नई बहस छेड़ता नजर आ रहा है।

Related Articles

Back to top button