लोकसभा में अखिलेश यादव का बड़ा बयान, ”वंदे मातरम् ने देश को एकजुट किया”, सत्ता पक्ष पर लगाए आरोप

अखिलेश यादव ने कहा, "बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने यह महान गीत दिया, लेकिन सत्ता पक्ष का ध्यान इस पर नहीं है। यह गीत गाने के लिए नहीं, बल्कि इसे निभाने के लिए है।

दिल्ली: लोकसभा में आज अखिलेश यादव ने वंदे मातरम् पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् ही वह गीत था जिसने देश को एकजुट किया और अंग्रेज़ों के लिए खतरे की घंटी साबित हुआ। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के लोग हर चीज़ पर कब्ज़ा करना चाहते हैं और हर उपलब्धि का श्रेय लेना चाहते हैं, यहां तक कि जो उनके पास नहीं है, उसका भी श्रेय लेने की कोशिश करते हैं।

अखिलेश यादव ने कहा, “बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने यह महान गीत दिया, लेकिन सत्ता पक्ष का ध्यान इस पर नहीं है। यह गीत गाने के लिए नहीं, बल्कि इसे निभाने के लिए है।” उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् का महत्व अब इन लोगों से छीन लिया गया है।

सपा प्रमुख ने आगे कहा, “यह लोग देश को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, ये दरारवादी लोग हैं। जिन्होंने आज़ादी की लड़ाई में भाग नहीं लिया, वही आज राष्ट्रवाद की बात कर रहे हैं। कुछ लोग अंग्रेज़ों के लिए जासूसी करते थे, अब वही लोग देश को तोड़ने की साजिश कर रहे हैं।”

अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि आजादी के बाद इन लोगों ने वंदे मातरम् और तिरंगा का आदर नहीं किया। “मुखबिरों से पूछो कि तिरंगा क्यों नहीं फहराया और गीत क्यों नहीं गाया।” उन्होंने कहा, “ये लोग राष्ट्रवादी नहीं, राष्ट्रविवादी हैं और गलत मंशा के साथ काम कर रहे हैं, जिसे देश समझता है।”

Related Articles

Back to top button