
लोकसभा चुनाव में कुछ ही महीने शेष है। ऐसे में पार्टियां जोर-शोर से वोटरों को लुभाने में जुट गई हैं। जीत पक्की करने के लिए गठबंधन का भी दौर जारी है। इसी क्रम में बीजेपी ने आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू की पार्टी TDP और पवन कल्याण की पार्टी जनसेना से गठबंधन कर लिया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया साइट X पर दोनों नेताओं के फैसले की जानकारी दी और NDA में उनका स्वागत किया।
गठबंधन को लेकर जारी संयुक्त बयान में कहा गया है कि सीट बंटवारे के तौर तरीके पर एक दो दिन में चर्चा की जाएगी। बयान के अनुसार भाजपा, TDP और जनसेना ने देश और आंध्र प्रदेश की प्रगति के लिए लोकसभा और राज्य विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का फैसला किया है।
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार TDP 17 लोकसभा और 145 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जिसकी आधिकारिक घोषणा जल्द की जा सकती है। जबकि भाजपा आंध्र प्रदेश की छह लोकसभा और छह विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ सकती है।
बैठक में टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और जन सेना पार्टी प्रमुख पवन कल्याण मौजूद रहे। बता दें कि आंध्र प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होंगे।









