UP के मुजफ्फरनगर से अमित शाह की चुनावी हुंकार, कहा- “इस चुनाव में सपा का सूपड़ा होगा साफ…”

बीजेपी के मुजफ्फरनगर प्रत्याशी संजीव बालियान के समर्थन में अमित शाह आज प्रचार करने के लिए कस्बे के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज पहुंचे...

उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल के चलते इस वक़्त सियासी गलियारों में हलचल तेज होती नजर आ रही है। पार्टियों के तरफ से जनता को लुभाने के लिए एक के बाद एक लगातार राज्यों का दौरा चालु है। इस बीच बुधवार यानी 3 अप्रैल को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी के प्रत्याशी संजीव बालियान के समर्थन में प्रचार करने के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर पहुंचे हैं। जहां जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भ्रष्टाचार को लेकर विपक्षी दलों पर को आड़े हाथ लेते हुए हमला बोला है। शाह के इस दौरे पर रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह भी वहां मौजूद दिखें।

दरअसल,  आज बीजेपी के मुजफ्फरनगर प्रत्याशी संजीव बालियान के समर्थन में अमित शाह प्रचार करने के लिए कस्बे के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज पहुंचे। इस दौरान अमित शाह ने मंच से जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मुजफ्फरनगर की धरती को प्रणाम करते हुए चौधरी चरण सिंह को याद किया। उन्होंने कहा कि, “ये मेरे लिए बड़े ही सौभाग्य की बात है कि मैं आज उस मुजफ्फरनगर में आया हूं, जहां से चौ. चरण सिंह ने देश के किसानों के लिए आवाज उठाई थी। वो हमारी ही सरकार है जिसने महान किसान नेता चौ. चरण सिंह को मरणोपरांत देश का सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न देने का काम किया है।”

शाह ने आगे कहा कि, “इस बार का लोकसभा चुनाव, PM मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कार्यकाल में गरीबों के उत्थान के लिए काम किया है। किसानी के क्षेत्र में उन्होंने गुड़ और गन्ना के लिए ऐसी नीति बनाई जिससे किसानों के जीवन में काफी सुधार देखने को मिला है। हमसे पहले वाली सरकारों ने चीनी मिलें बंद करवाएं लेकिन अब नई चीनी मिल खोलने का काम हमारी सरकार ने किया है।”

अपने संबोधन में उन्होंने किसानों के लिए अपनी सरकार के द्वारा किए गए कामों को गिनाते हुए कहा कि, “मोदी सरकार के नेतृत्व में गन्ना मूल्य का भुगतान हुआ और गरीबों को उनका हक मिला है। गन्ने के लिए नीति बनाकर किसानों का भला करने का काम किया है।  

वहीं, शाह ने इस दौरान विपक्ष को आड़े हाथ लेते हुए राम मंदिर का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, “कांग्रेस ने पिछले सत्तर सालों के अपने राज में राम मंदिर के मामले को लटका कर रखा था। मगर प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुद्दे को उठाते हुए अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण करवाया है। उन्होंने यूपी में गुंडों और माफियाओं पर हो रहे कार्रवाईका जिक्र करते हुए कहा कि, ” एक समय था जब उत्तर प्रदेश में इज्जत की जिंदगी जीने वाले लोगों ने पलायन शुरू कर दिया था। मगर वर्ष 2017 में जब योगी आदित्यनाथ की सरकार आई तो अब गुंडों का पलायन शुरू हो गया है।

उन्होंने कहा कि, “अब देश में भ्रष्टाचारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। एक तरफ जहां खुद PM मोदी भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने की बात करते हैं तो वहीं दूसरी तरफ उनके विरोधी भ्रष्टाचार को बचाने के लिए एकजुट होकर महारैली कर रहे हैं। इस बीच उन्होंने प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल सपा पर भी निशाना साधा। सपा पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि, “इस लोकसभा चुनाव में आप सभी को सपा का सूपड़ा साफ करना है। सपा और कांग्रेस ने एक साथ मिलकर जिस घमंडिया गठबंधन का निर्माण किया है वो कभी भी राम मंदिर नहीं बनने देता।”

Related Articles

Back to top button