अयोध्या में पिता हरिवंशराय बच्चन की याद में अमिताभ बच्चन बनाएंगे धर्मशाला… जानें कैसे होगा तैयार…

अमिताभ बच्चन अयोध्या में अपने पिता डॉ. हरिवंशराय बच्चन की स्मृति में 15 करोड़ की जमीन पर 20 कमरों वाली मेमोरियल धर्मशाला बनाएंगे।

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन पवित्र रामनगरी अयोध्या में अपने पिता और प्रसिद्ध कवि डॉ. हरिवंशराय बच्चन की स्मृति में एक भव्य मेमोरियल धर्मशाला का निर्माण कराने जा रहे हैं। इस धार्मिक एवं जनसुविधा परियोजना के लिए अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) के पास भवन का नक्शा मंजूरी के लिए दाखिल कर दिया गया है।

बता दें, यह प्रस्तावित धर्मशाला दशरथ पथ के किनारे स्थित ‘द सरयू’ प्रोजेक्ट में करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से खरीदी गई जमीन पर बनाई जाएगी। योजना के अनुसार, इस मेमोरियल धर्मशाला में 20 से अधिक आधुनिक और सुसज्जित कमरे बनाए जाएंगे। अयोध्या विकास प्राधिकरण ने नियमानुसार नक्शे पर 15 दिनों के भीतर सार्वजनिक आपत्तियां मांगी हैं। तय प्रक्रिया पूरी होते ही नक्शा पास कर दिया जाएगा, जिसके बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू होगा।

अधिकारियों के मुताबिक, इस मेमोरियल धर्मशाला के बनने से देश-विदेश से भगवान राम के दर्शन करने अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को ठहरने के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं प्राप्त होंगी। अमिताभ बच्चन की इस पहल से अयोध्या में धार्मिक पर्यटन और नागरिक सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Back to top button