अमरोहा: दूल्हे को मिली हत्या की धमकी, बिना दुल्हन के लौटी बारात

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में निकाह से ठीक पहले एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक प्रेमी की कथित धमकी के बाद दूल्हे ने ऐन वक्त पर निकाह करने से इनकार कर दिया। इसके चलते बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।

प्रेमी ने फोन कर दी गोली मारने की धमकी

जानकारी के मुताबिक, निकाह से पहले एक युवक ने दूल्हे को फोन किया और धमकी देते हुए कहा कि अगर उसने निकाह किया तो उसे गोली मार देगा। युवक ने दूल्हे से यह भी कहा कि दुल्हन उसकी है और वही उसकी दुल्हन बनेगी। इस धमकी के बाद दूल्हे ने निकाह से इनकार कर दिया।

दुल्हन के भाई ने प्रेम प्रसंग से किया इनकार

मामले में दुल्हन के भाई ने प्रेम प्रसंग की बात से इनकार किया है। उसका कहना है कि किसी ने पुरानी दुश्मनी के चलते फोन कर धमकी दी है।

चार घंटे तक थाने में चली पंचायत

घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां करीब चार घंटे तक पंचायत चली। हालांकि, निकाह नहीं हो सका और बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है।

यह पूरा मामला मंडी धनौरा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button