Amroha Road Accident: नेपाल जा रही टूरिस्ट बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, 2 की मौत; 20 घायल

अमरोहा के गजरौला में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लद्दाख से नेपाल जा रही टूरिस्ट बस गांव मोहम्मदाबाद फ्लाईओवर के पास आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ। दुर्घटना में नेपाल निवासी भागीराम समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, बस रविवार दोपहर बाद लद्दाख के मिराक गांव से नेपाल के लिए रवाना हुई थी। बस में चालक और परिचालक समेत कुल 48 लोग सवार थे। सभी यात्री नेपाल के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं और लद्दाख में एक फैक्ट्री के भवन निर्माण कार्य में मजदूरी करते हैं।

सोमवार सुबह बस जब गजरौला क्षेत्र के गांव मोहम्मदाबाद फ्लाईओवर पर पहुंची, तभी चालक को झपकी आ गई। इसके बाद तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार भागीराम समेत दो लोगों की मौत हो गई। दूसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

हादसे में घायल लोगों में ओम बहादुर, राहुल, ध्रुव प्रसाद, ओसी देवी, राजेश, रीता देवी, लक्ष्मी, आरोही, नूर बिष्ट, प्रकाश, टेक बहादुर, देवी देवराज और ओमफा सिंह शामिल हैं। घायलों में 15 लोगों को जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों के लिए रेफर किया गया है। सीओ अंजली कटारिया के मुताबिक, हादसे में घायल सभी लोगों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button