
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी आगामी फिल्म ‘श्री रामभूमि’ को लेकर बड़ा खुलासा किया है। अनुपम खेर ने पुष्टि की है कि वह इस फिल्म में विश्व हिंदू परिषद (VHP) के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष और राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे अशोक सिंघल की भूमिका निभा रहे हैं।
अनुपम खेर ने कहा कि अशोक सिंघल का किरदार निभाना उनके लिए केवल एक अभिनय नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि अशोक सिंघल ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को एक नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। ऐसे व्यक्तित्व को पर्दे पर प्रस्तुत करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण और सम्मान की बात है।
रामलला के दर्शन किए और हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
फिल्म की शूटिंग इन दिनों अयोध्या में चल रही है। शूटिंग शुरू करने से पहले अनुपम खेर ने अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन किए और हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अयोध्या की पवित्र भूमि पर इस तरह के ऐतिहासिक किरदार को निभाने की शुरुआत करना उनके लिए बेहद भावुक क्षण है।
फिल्म में अशोक सिंघल के योगदान और उनके संघर्ष को केंद्र में रखा गया
‘श्री रामभूमि’ फिल्म राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े घटनाक्रमों और उससे जुड़े प्रमुख व्यक्तित्वों पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म में अशोक सिंघल के योगदान और उनके संघर्ष को केंद्र में रखा गया है। अनुपम खेर इससे पहले भी कई वास्तविक जीवन के किरदारों को पर्दे पर जीवंत कर चुके हैं। अब अशोक सिंघल की भूमिका में उनकी प्रस्तुति को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। फिल्म की रिलीज डेट को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।









