
भारत की महान और दिग्गज पार्श्व गायिका आशा भोसले के निधन पर पूरे देश में शोक की लहर है। BJP MP अनुराग ठाकुर ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि संगीत जगत में जो कमी आई है, उसे कोई भी पूरा नहीं कर सकता। उन्होंने आशा भोसले को भारतीय संगीत की एक अमूल्य धरोहर बताया।
बता दें, मीडिया से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने कहा कि आशा भोसले एक बहुमुखी और महान गायिका थीं, जिन्होंने कई भाषाओं में गीत गाए और भारतीय संगीत को नई पहचान दी। उन्होंने कहा कि आशा ताई केवल एक गायिका ही नहीं थीं, बल्कि वह कई पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी थीं। अनुराग ठाकुर ने यह भी कहा कि वह क्रिकेट की भी बड़ी प्रशंसक थीं और खेल से उन्हें विशेष लगाव था।
वहीं, इसके साथ ही भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामाराव ने भी आशा भोसले के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संगीत ने एक ऐसी अनमोल आवाज खो दी है जिसने लगभग आठ दशकों तक संगीत प्रेमियों का मनोरंजन किया।
92 वर्षीय आशा भोसले का निधन रविवार को हुआ। डॉक्टरों के अनुसार उनका निधन मल्टी-ऑर्गन फेलियर के कारण हुआ। उन्हें कुछ समय पहले थकान और सीने में संक्रमण के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिवार की ओर से उनकी पोती ज़नाई भोसले ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके स्वास्थ्य को लेकर जानकारी दी थी और प्रशंसकों से प्रार्थना करने की अपील की थी। हालांकि इलाज के दौरान उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका।
1933 में जन्मी आशा भोसले ने बहुत कम उम्र में अपने संगीत करियर की शुरुआत की थी। 1950 के दशक में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई और भारतीय फिल्म संगीत की सबसे लोकप्रिय आवाजों में शामिल हो गईं। उन्होंने हजारों गीत गाए और क्लासिकल, ग़ज़ल, पॉप और लोक संगीत सहित कई विधाओं में अपनी अमिट छाप छोड़ी। उनका योगदान भारतीय संगीत इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा।









