
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अयोध्या के राम मंदिर को लेकर एक बेहद बड़ा और सनसनीखेज बयान दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए सपा मुखिया ने राम मंदिर के चढ़ावे में बड़ी वित्तीय गड़बड़ी का आरोप लगाया है, जिससे देश की सियासत में भूचाल आ गया है।
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा कि पूरे विश्व में भगवान राम के भक्तों के लिए यह एक बेहद संवेदनशील और विचलित करने वाली खबर है कि ‘राम मंदिर’ के चढ़ावे की करोड़ों की रकम गायब पाई गई है। उन्होंने सीधे तौर पर मंदिर ट्रस्ट को आड़े हाथों लेते हुए इसे एक अत्यंत शर्मनाक स्थिति बताया है। सपा सुप्रीमो का कहना है कि इस गंभीर मामले पर कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति सफाई देने के लिए सामने नहीं आ रहा है, जो कई तरह के गंभीर सवाल खड़े करता है।
अखिलेश यादव ने इस पूरे प्रकरण में सरकार के रुख पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले पर सरकार की चुप्पी बेहद संदिग्ध है। राम मंदिर से करोड़ों लोगों की गहरी आस्था जुड़ी होने के कारण, उन्होंने देश की शीर्ष अदालत से इस मामले का स्वतः संज्ञान लेने की मांग की है। अखिलेश यादव के इस बयान के बाद अब इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की पूरी उम्मीद है।









