
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आरक्षण की अन्तिम सूचना प्राप्त होने के बाद प्रदेश के नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन, 2023 को निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण ढंग से कराने हेतु आवश्यक पुलिस बल की व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करा ली जाएं. प्रदेश के 760 नगरीय निकाय चुनाव के अन्तर्गत 14684 पदों पर निर्वाचन सम्पन्न कराया जाना है. जिसमें नगर निगम के 17 महापौर, 1420 पार्षद तथा नगर पालिका परिषद पद के 199 अध्यक्ष तथा 5327 सदस्य एवं नगर पंचायत के 544 अध्यक्ष तथा 7178 सदस्यों का निर्वाचन कराया जाना है.

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने आज अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में प्रमुख सचिव, गृह, प्रमुख सचिव, नगर विकास सहित अन्य संबंधी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दे रहे थे उन्होंने बताया गया कि नगर निगम के अन्तर्गत 17 महापौर एवं 1420 पार्षदों के पदों पर ई०वी०एम० से निर्वाचन कराया जाना है. उन्होंने बताया कि शेष पदों पर निर्वाचन हेतु मतपेटिकाओं का प्रयोग किया जाएगा.

प्रमुख सचिव, गृह संजय प्रसाद ने बताया कि निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण चुनाव कराने हेतु चरणवार तथा जनपदवार पुलिस बल आवश्यकतानुसार समय से उपलब्ध कराये जायेंगे. उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार मतदान केन्द्रों / स्थानों की संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किए जाने हेतु विभाग को निर्देश दे दिए गए हैं.

बैठक में विशेष पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था एवं अपराध प्रशान्त कुमार, प्रमुख सचिव, नगर विकास अमृत अभिताज, सचिव नगर विकास रंजन कुमार, सचिव गृह ए० वी० राजामौलि, संयुक्त निर्वाचन आयुक्त एवं विभागाध्यक्ष सुधा वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे.









