
प्रयागराज : अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या के बाद प्रयागराज में तनाव के बीच प्रशासन ने सुरक्षा उपायों के तहत जिले में इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध लगा दिया था. हालत सामान्य होने पर प्रयागराज में इंटरनेट की सेवा को बहाल कर दिया गया है. आपको बता दे कि प्रयागराज में शनिवार रात तीन लोगों ने अतीक अहमद और उनके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी, जब दोनों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था.
सनसनीखेज हत्याओं के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने राज्य के कई जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी. कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी जिलों में दंड प्रक्रिया संहिता (CRPC) की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा भी जारी की गई है.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सनसनीखेज हत्याओं की जांच के लिए तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग के गठन का निर्देश दिया है. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने और राज्य में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनता को किसी भी परेशानी का सामना न करने का भी निर्देश दिया है.









