
नाश्ता दिन का सबसे जरूरी भोजन माना जाता है, जो पूरे दिन आपको ऊर्जावान बनाए रखता है। लेकिन यह भी जरूरी है कि आप नाश्ते में क्या खा रहे हैं। कुछ चीजें खाली पेट खाना फायदेमंद होता है, वहीं कुछ चीजें आपकी सेहत को नुकसान भी पहुंचा सकती हैं। गलत नाश्ता करने से पाचन संबंधी दिक्कतें, मोटापा और टाइप-2 डायबिटीज का खतरा बढ़ सकता है।
मीठे अनाज से रहें दूर
जो लोग मीठे अनाज (सुगर्ड सीरियल्स) को हेल्दी नाश्ता समझकर खाते हैं, उन्हें सावधान होने की जरूरत है। इनमें बहुत अधिक चीनी होती है, जिससे मोटापा और ब्लड शुगर लेवल बढ़ने का खतरा रहता है। इसके बजाय साबुत अनाज या बिना चीनी वाले अनाज का सेवन करें।
फ्लेवर दही हो सकता है नुकसानदायक
दही को हेल्दी फूड माना जाता है, लेकिन फ्लेवर्ड दही सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। ब्रिटिश जर्नल ऑफ न्यूट्रिशन की एक रिपोर्ट के अनुसार, कई फ्लेवर्ड दही में मिठाई जितनी ही चीनी होती है, जो वजन बढ़ाने का कारण बन सकती है। इसलिए हमेशा बिना चीनी वाला सादा दही खाएं और स्वाद के लिए ताजे फल या शहद मिलाएं।
सफेद ब्रेड और जैम से परहेज करें
सफेद ब्रेड रिफाइंड आटे से बनती है, जिसमें पोषक तत्व और फाइबर की कमी होती है। यदि आप इसे जैम, मार्जरीन या चॉकलेट स्प्रेड के साथ खाते हैं, तो इससे ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है, जिससे जल्दी भूख लगने लगती है। इसलिए ब्राउन ब्रेड या मल्टीग्रेन ब्रेड का सेवन करें।