अयोध्या की पावन सरयू नदी में नाव पर बीयर-मटन पार्टी का वीडियो वायरल, पुलिस ने तीन को दबोचा, चौथा फरार

अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की नगरी अयोध्या में राम मंदिर से चढ़ावा चोरी जैसे मामले के बाद अब एक और घटना ने श्रद्धालुओं की आस्था को गहरा धक्का पहुंचाया है। पवित्र सरयू नदी की अविरल धारा के बीच नाव पर कुछ युवकों द्वारा बीयर और मटन पार्टी करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मामले का संज्ञान लेते हुए कैंट पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चौथा अभी फरार है।

वीडियो में क्या है?

सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो थाना कैंट क्षेत्र के गुप्तार घाट का बताया जा रहा है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु मां सरयू की अविरल धारा में स्नान कर रामलला और हनुमान गढ़ी का दर्शन-पूजन करते हैं। वीडियो बना रहा युवक अपने साथियों का परिचय कराते हुए सुनाई दे रहा है, “भईया आज बहुत समय बाद मटन का पार्टी हुआ।

हमारे साथ प्रिय मित्र लवकुश निषाद, साथ में राजकुमार निषाद और बड़े भईया जितेंद्र निषाद हैं। हम लोगों ने बकरे की पार्टी की।” इसी दौरान उसने अपने एक अन्य मित्र अमरजीत निषाद की कमी का जिक्र करते हुए कहा कि उसकी बहुत याद आ रही है और ईश्वर से जल्द मुलाकात कराने की प्रार्थना की।

पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

वीडियो वायरल होने के बाद श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश फैल गया और मां सरयू की मर्यादा के साथ खिलवाड़ का आरोप लगाया जाने लगा। कैंट पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए वीडियो में नजर आ रहे लवकुश निषाद, राजकुमार निषाद और जितेंद्र निषाद को गिरफ्तार कर लिया। इन तीनों से पूछताछ जारी है, जबकि चौथा आरोपी अमरजीत निषाद अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है और उसकी तलाश जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही ऐसी घटनाएं रामनगरी की पवित्रता और मर्यादा को ठेस पहुंचा रही हैं।

Related Articles

Back to top button