
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के थाना फखरपुर क्षेत्र अंतर्गत मुड़की गांव से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई। यहां 19 वर्षीय नवविवाहिता उम्मे सलमा ने फांसी के फंदे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के पीछे की वजह पति द्वारा फोन पर तलाक दिया जाना बताया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतका उम्मे सलमा का निकाह लगभग छह महीने पूर्व रमजान नाम के व्यक्ति के साथ हुआ था। परिजनों का आरोप है कि निकाह के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्तों में खटास आ गई थी। इसी बीच पति रमजान ने फोन पर ही उम्मे सलमा को तलाक दे दिया। फोन पर मिले इस अप्रत्याशित झटके और मानसिक तनाव से क्षुब्ध होकर युवती ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फखरपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की कानूनी जांच में जुटी हुई है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।









