
बाहुबली और पूर्व विधायक अनंत सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। बेऊर जेल के डॉक्टरों की सलाह पर अनंतको IGIMS में भर्ती करवाया गया है। जहां पुलिस सुरक्षा में उनका इलाज जारी है। मिली जानकारी के अनुसार जांच में किडनी से जुड़ी कोई समस्या सामने आई है।
दरअसल, बेऊर जेल में बंद मकोमा के पूर्व विधायक अनंत सिंह की पेट में असहनीय दर्द के चलते अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से IGIMS अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूत्रों ने बताया है कि जांच में पेट और किडनी से जुड़ी परेशानी सामने आई है। डॉक्टरों के तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार उनका क्रिएटिनिन लेवल भी बढ़ा हुआ है। फिरहाल, आईजीआईएमएस के डॉक्टरों की टीम पूर्व विधायक का इलाज कर रही है।
इस पूरे मामले पर जेल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार अनंत सिंह पहले से बीपी और डायबिटीज के मरीज रहे है। अभी कुछ ही दिन पहले उन्हें तेज बुखार की भी शिकायत मिली थी। इस बीच उन्होंने जब अपने पेट से जुड़ी समस्या की शिकायत जेल प्रशासन से की तब उन्हें जेल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से जांच के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के आईजीआईएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां कड़ी सुरक्षा के बीच उनका इलाज करवाया जा रहा है।
जानें क्यों जेल में बंद हैं पूर्व विधायक अनंत सिंह
अनंत सिंह को एके-47 और हैंड ग्रेनेड मामले में दस साल की सजा सुनाई गई है। इस मामले में पूर्व विधायक के साथ उनके नौकर को भी दस साल की सजा है। यह सजा उनको एमपी-एमएलए कोर्ट के विशेष जज त्रिलोकी नाथ दुबे ने सुनाई है।