देश भर में बैंकों का कामकाज ठप: 5-डे वर्किंग की मांग पर सड़कों पर उतरे बैंक कर्मचारी, लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन, UFBU ने सौंपा ज्ञापन

लखनऊ समेत देश भर के बैंकिंग सेक्टर में एक दिवसीय हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिला। ‘यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस’ के आह्वान पर आयोजित इस हड़ताल के कारण एसबीआई, पीएनबी, और इंडियन बैंक जैसे सभी प्रमुख सार्वजनिक व निजी बैंकों के दरवाजे आम जनता के लिए बंद रहे। लखनऊ के हजरतगंज स्थित इंडियन बैंक शाखा के बाहर बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारियों ने इकट्ठा होकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया।

उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक अधिकारी संघ एवं कर्मचारी संगठनों के सदस्यों ने यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) के आह्वान तथा AIRRBEA के नेतृत्व में आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल में सक्रिय रूप से भाग लिया। यह आंदोलन पाँच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, समान एवं न्यायसंगत प्रदर्शन-आधारित प्रोत्साहन (PLI) व्यवस्था तथा लंबित अवशिष्ट मुद्दों के समाधान की मांग को लेकर किया गया। हड़ताल की प्रमुख मांगों में सरकार द्वारा किए गए वादे के अनुरूप Five Day Banking लागू करना, सरकार की एकतरफा एवं भेदभावपूर्ण PLI योजना को वापस लेना, यूनियनों के साथ द्विपक्षीय वार्ता के माध्यम से PLI योजना में आवश्यक संशोधन करना तथा कर्मचारियों के लंबित अवशिष्ट मुद्दों का समाधान करना शामिल है।

हड़ताल के दौरान संबंधित ग्रामीण बैंकों की शाखाओं में बैंकिंग कार्य प्रभावित रहा। उपलब्ध विवरण के अनुसार जिले की बैंक शाखाओं में कामकाज ठप रहने से लगभग 200 करोड़ का बैंकिंग कारोबार प्रभावित हुआ। राष्ट्रव्यापी स्तर पर लगभग 8 लाख बैंक कर्मियों के इस हड़ताल में शामिल होने का उल्लेख किया गया है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन केवल अतिरिक्त सुविधाओं की मांग नहीं, बल्कि कर्मचारियों के वैध अधिकारों और न्यायसंगत मांगों के समर्थन में है। संगठन ने सरकार से आग्रह किया है कि वह बैंकिंग उद्योग तथा विशेष रूप से क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित एवं वास्तविक समस्याओं पर शीघ्र सकारात्मक पहल करे।

संगठन की ओर से आगे के आंदोलन की घोषणा भी की गई है। 28, 29 एवं 30 सितम्बर 2026 को तीन दिवसीय अखिल भारतीय हड़ताल तथा 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन अखिल भारतीय हड़ताल प्रस्तावित है। साथ ही 24 अगस्त 2026 से UFBU के आह्वान पर AIRRBEA द्वारा संचालित सभी आंदोलनात्मक कार्यक्रमों में पूर्ण एकजुटता के साथ भागीदारी जारी रखने की बात कही गई है। संगठन ने सरकार से अपील की है कि वार्ता एवं द्विपक्षीय संवाद के माध्यम से सभी लंबित मुद्दों का शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि बैंकिंग व्यवस्था एवं कर्मचारियों के हित में सकारात्मक वातावरण बनाया जा सके।

इम्प्लॉईज यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष हिमांशु शुक्ला के नेतृत्व में प्रदेश ग्रामीण बैंक के प्रधान कार्यालय में बैंक कर्मियों एवं संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने बैंक के महाप्रबंधक (GM) बी०के० ठाकुर से औपचारिक भेंट कर वित्त मंत्रालय को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

Related Articles

Back to top button