
पटना। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) की प्रत्याशी वीणा मानवी उर्फ वीणा मांडवी का नामांकन मंगलवार को स्क्रूटनी के दौरान रद्द कर दिया गया। चुनाव आयोग ने इसकी आधिकारिक पुष्टि कर दी है। नामांकन रद्द होने की जानकारी मिलते ही जेजेडी प्रमुख तेज प्रताप यादव पटना कलेक्ट्रेट पहुंचे और इसे षडयंत्र करार दिया, हालांकि अभी तक नामांकन खारिज होने का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
क्यों रद्द हुआ नामांकन?
सोमवार को नामांकन के आखिरी दिन कुल 14 उम्मीदवारों के पर्चे मंगलवार को स्क्रूटनी के बाद रद्द कर दिए गए, जिनमें वीणा मानवी भी शामिल हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि उनके द्वारा भरे गए नामांकन पत्र में कोई त्रुटि पाई गई होगी, जिसके चलते निर्वाचन अधिकारी ने उनका पर्चा खारिज कर दिया। नामांकन रद्द होने के बाद तेज प्रताप की पार्टी अब इस सीट से चुनावी मैदान से बाहर हो गई है।
नामांकन करते ही हुई थी गिरफ्तारी
सोमवार को जैसे ही वीणा मानवी ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया, पटना पुलिस ने उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस के अनुसार उन्हें धोखाधड़ी के एक पुराने मामले में कोर्ट से जारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, उसी दिन बाद में उन्हें जमानत भी मिल गई। नामांकन के दौरान वीणा मानवी ने रोते हुए मीडिया के सामने सरकार पर साजिश के आरोप लगाए थे।
कौन हैं वीणा मानवी?
वीणा मानवी एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं और लंबे समय से बांकीपुर समेत पटना के विभिन्न इलाकों में सामाजिक कार्यों से जुड़ी रही हैं। उन्होंने हाल ही में जनशक्ति जनता दल की सदस्यता ली थी, जिसके बाद तेज प्रताप यादव ने उन्हें बांकीपुर सीट से अपना प्रत्याशी घोषित किया था।
30 जुलाई को मतदान, अगस्त में नतीजे
पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को वोटिंग होगी और मतगणना के बाद 3 अगस्त को नतीजे जारी किए जाएंगे। यह सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के विधानसभा सदस्यता छोड़ने के बाद खाली हुई थी। इस सीट से जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर, राजद से रेखा गुप्ता और भाजपा से नवीन कुमार सिन्हा समेत कई प्रमुख उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।









