
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल का पहला पूर्ण बजट वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए आज लोकसभा में पेश किया जाएगा। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार आठवां आम बजट पेश करेंगी। बजट पेश करने से पहले, उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की, जहां राष्ट्रपति ने उन्हें दही-चीनी खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रपति मुर्मू ने वित्त मंत्री और उनकी टीम को बजट पेश करने के लिए अपनी मंजूरी दी। राष्ट्रपति भवन में इस परंपरा का पालन किया गया, जिसमें दही-चीनी खिलाकर सफलता की शुभकामनाएं दी जाती हैं। यह धार्मिक मान्यता है कि दही-चीनी खाने से किसी भी शुभ कार्य में सफलता मिलती है। दही को शुद्धता और पवित्रता का प्रतीक माना जाता है, जबकि चीनी मिठास और सौहार्द का संकेत होती है।
राष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें भी शेयर की, जिसमें वित्त मंत्री पंकज चौधरी के साथ राष्ट्रपति से मुलाकात कर रही थीं। राष्ट्रपति ने वित्त मंत्री को आगामी बजट पेश करने के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
सीतारमण 2019 में देश की दूसरी महिला वित्त मंत्री बनी थीं, और उन्होंने लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में आठ बजट पेश किए हैं। इससे पहले, इंदिरा गांधी ने 1970-71 का बजट पेश किया था। 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वित्त वर्ष 2025-26 के लिए अपना आठवां बजट पेश करेंगी, जो इतिहास में एक अहम पड़ाव साबित हो सकता है।









