
रियलिटी शो ‘बिग बॉस मराठी 5’ में अपनी केमिस्ट्री से सुर्खियां बटोरने वाली निक्की तंबोली और अरबाज पटेल एक बार फिर चर्चा में हैं। करीब दो साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों के रिश्ते में दरार आने की अटकलें तेज हो गई हैं। इसकी वजह दोनों का सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को अनफॉलो करना और इसके बाद सामने आईं क्रिप्टिक पोस्ट हैं।
अरबाज की पोस्ट से मचा हंगामा
निक्की तंबोली और अरबाज पटेल ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया। इसके बाद अरबाज ने चीटिंग से जुड़ी एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर की। उन्होंने लिखा, “अपने पार्टनर को धोखा देना, फिर घर लौटकर उसकी आंखों में आंखें डालकर ये कहना कि ‘मैं तुमसे प्यार करती हूं’, ये डिसरिस्पेक्ट का एक अलग ही लेवल है। मैंने जो कहा, सो कहा।”
निक्की ने भी शेयर किया क्रिप्टिक मैसेज
अरबाज की पोस्ट के तुरंत बाद निक्की तंबोली ने भी एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर की। उन्होंने लिखा, “सच जो वो नहीं बताते। अफेयर्स इसलिए नहीं होते कि कोई नया व्यक्ति आकर्षक लग रहा है, बल्कि इसलिए होते हैं क्योंकि कोई पुराना व्यक्ति अपने वादों का सम्मान करना बंद कर देता है।”
दोनों की इन पोस्ट को उनके रिश्ते से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, निक्की और अरबाज ने अभी तक अपने ब्रेकअप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और न ही इन खबरों पर कोई सीधा रिएक्शन दिया है।
‘बिग बॉस मराठी 5’ में शुरू हुई थी लव स्टोरी
निक्की तंबोली और अरबाज पटेल की पहली मुलाकात ‘बिग बॉस मराठी 5’ के दौरान हुई थी। शो में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और धीरे-धीरे उनका रिश्ता प्यार में बदल गया। निक्की ने एक इंटरव्यू में बताया था कि शो में जाने से पहले ही उन्होंने तय कर लिया था कि उन्हें वहां एक पार्टनर चाहिए। स्टेज पर अरबाज को देखने के बाद उन्हें लगा था कि शायद वही उनके लिए सही इंसान हैं।
करीब दो साल लिव-इन में रहे
शो खत्म होने के बाद भी दोनों का रिश्ता लगातार सुर्खियों में रहा। दोनों करीब दो साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे और सोशल मीडिया पर अक्सर साथ में रोमांटिक तस्वीरें और वीडियो शेयर करते थे। ऐसे में अब एक-दूसरे को अनफॉलो करने और क्रिप्टिक पोस्ट सामने आने के बाद फैंस के बीच भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर दोनों के बीच ऐसा क्या हुआ।









