जौनपुर में हुआ बड़ा हादसा, बस – ट्रैक्टर की टक्कर से 6 लोगों की मौत, 2 घायल

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में बड़ा भीषण हादसा होने की खबर आई है। देर रात बस और ट्रैक्टर की टक्कर से 6 लोगों की मौत हो गई है। छत की ढलाई से लौट रहे मज़दूरों से भरे ट्रैक्टर को बस ने टक्कर मार दी। जानकारी के मुताबिक ट्रैक्टर में 12 मजदूर सवार थे। हादसे में मरने वाले सभी मजदूर एक ही गांव से थे। वहीं एक बस सवार महिला भी घायल है। इस घटना में मरने वालों की कुल संख्या 6 जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

सिकरारा थाना क्षेत्र के तोहफापुर गांव में रविवार देर रात को एक मकान की छत ढलाई के लिए अलीशाहपुर गांव से दर्जनों मज़दूर गए थे। रात लगभग सवा 11 बजे 12 मज़दूर एक ट्रैक्टर – ट्रॉली पर बैठकर मिक्सिंग मशीन के साथ लौट रहे थे। तभी समाधगंज के पास हाइवे पर चढ़ते ही प्रयागराज से गोरखपुर जा रही सिविल लाइंस डिपो की बस ने पीछे से ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि ट्रैक्टर के बुरी तरह से परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए ।

घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए ले जाते समय ट्रैक्टर चला रहे युवक जो घायल था, ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स ने मृतकों के नाम अलीशाहपुर निवासी नीरज सरोज 28, राजेश सरोज 45, संग्राम सरोज 25, चाईं मुसहर 20, वीरपालपुर निवासी अतुल सरोज 30 और बथुवावर निवासी गोविंदा बिंद 30 बताया।

Related Articles

Back to top button